Saturday, 20 July 2019

इमोशनल टॉक्सिन्स -7

#इमोशनल_टॉक्सिन्स_सीरीज -7

#प्रभव_प्रलय के बीच मे लय का होना ही जीवन:
प्रभव अर्थात सर्जन प्रलय अर्थात विसर्जन - परिवर्तन निरन्तर। यही प्रकृति है। इसके बीच मे होता है लय। प्रकृति की तीन शक्तियां ब्रम्हा विष्णु महेश प्रभव लय और प्रलय के कर्म में रत रहते हैं। इसी को आप सत रज तम भी कह सकते हैं।
प्रकृति सदैव लय में रहती है। रात के बाद दिन। दिन के बाद रात। जाड़ा गर्मी बरसात। इस लय का नाम ही जीवन है। आपके शरीर मे सांस सदैव एक लय में चलती है। हृदय भी लय में चलता है। किडनी तथा अन्य सिस्टम सदैव लय में रहते हैं। उनका लय यदि टूट जाए तो समझिए कि वह अंग dis ease में जाने वाला है। ease अर्थात सहजता खत्म होने वाली है।
लय का अर्थ होता है सहजता।
सहज होना ही प्राकृतिक है। असहज होना ही अप्राकृतिक है।
हम प्रायः असहज रहते हैं। सदैव एक मुखौटा मुहं पंर ओढ़े रहते हैं जिसको हम कहते हैं व्यक्तित्व। पर्सनालिटी। पेर्सोना से बना शब्द है मुखौटा। हम सदैव मुखौटा ओढ़े रहते हैं, जितने अधिक शिक्षित उतने बड़े मुखौटा बाज। इसीलिए इस ज्ञान को, जिसको हम आधुनिक शिक्षा से ग्रहण करते है उसको अज्ञानता की ही श्रेणी में रखता है योग विद्या। अज्ञान अर्थात ज्ञान का न होना। यह ज्ञान और अज्ञान दोनो यांत्रिक हैं। यांत्रिक तरीके से सूचना ग्रहण करके आप बड़े ज्ञानी बन सकते हैं।
लेकिन यह आपको बनाएगा असहज ही क्योंकि यह निर्मित करती है व्यक्तित्व - एक मुखौटा। बाहर कुछ दिख रहा है अंदर कुछ और चल रहा है। आप अंदर बाहर से विभक्त हैं। आप असहज हैं।
आप लययुक्त लय मुक्त हैं।
लय में सृजित होता है आपके अंदर संगीत और सहजता।
लय में होते हैं आप प्रकृति से लयबद्ध - Synchronized.
अभी मेरा एक मित्र कल मुझे मिला। वह पिछले कुछ वर्षों से सेक्सओफोन बजाता है। बहुत सुंदर। काफी प्रसिद्ध नाम है सेक्सओफोन की दुनिया मे। पहले मुझको लगता था कि वह संगीत में इतना समय देता है तो सहजता के काफी निकट होगा।
लेकिन मैने कल पूंछा कि क्या तुम सहज रहते हो। तो उसने कहा नही रहता सहज। बल्कि अत्यंत असहज रहता हूँ।
मैंने कहा कि कारण जानते हो?
उसने कहा नहीं।
मैंने कहा मैं बताता हूँ। तुम इस संगीत को बजाते हो दूसरों के लिए। दूसरों से प्रशंशा की अपेक्षा में तुम बाहर तो लय निर्मित कर लेते हो, लेकिन अंदर लय हीनता जन्मती है। क्योंकि आप अपने आनंद के लिए दूसरों पर निर्भर हैं।

जहां आपने स्वयं को किसी व्यक्ति वस्तु विचार या भाव के पक्ष या विपक्ष में रखा, आपके अंदर एक संघर्ष निर्मित होना हो जाता है। जो जैसा है यदि आपने उसको बिना अच्छा या बुरा निर्णीत किये स्वीकार किया तो आप लयबद्ध होते हैं, सहज होते हैं। अचेतन ( uncouncious) और चेतन जीवन ( councious living) का अंतर मात्र इतना ही है।
हमने जैसे ही संघर्ष निर्मित किया वैसे ही उसके कारण हमारे शरीर मे केमिकल टोक्सिन निर्मित होना शुरू हो जाता है। जो हमको दिखता नही है। सभ्य समाज मे हमारा पालन पोषण ही ऐसे हुवा है कि अपनी भावनाओं को प्रदर्शित न करो। यदि क्रोध आये तो उसको छुपा लो, और बाहर से मुस्कराओ। यदि कोई व्यक्ति अपने क्रोध का प्रदर्शन कर देता है तो उसको इम्प्रक्टिकल कहा जाता है। क्रोध भी टोक्सिन निर्मित करता है। लेकिन उस क्रोध को दबाने में भी टोक्सिन निर्मित होता है। अर्थात हम अपने अंदर दुगुना टोक्सिन निर्मित करते है। प्रयास यह होना चाहिए कि क्रोध निर्मित ही न हो लेकिन ऐसा होता नही है क्योंकि हम जीवन जीते हैं बेहोशी में। जिसमे हमारे मन मे एक भीड़ और कोलाहल चलता रहता है। वह निर्मित करता है टोक्सिन।
जितना अधिकं संघर्ष उतना ही टोक्सिन। यह टोक्सिन हमारे सिस्टम को प्रभावित करने के बाद ही नष्ट होते हैं।
कुछ लोग इतना संघर्ष निर्मित कर लेते हैं कि उनका कोर्टिसोल निर्मित करने का सिस्टम ही थक जाता है। जिसके कारण वह व्यक्ति क्रोनिक fatigue ( दीर्घ थकान) का अनुभवकरता है। इसको एड्रेनल fatigue सिंड्रोम कहते हैं।
अभी यह हुवा। मेरे एक वरिष्ठ को एक मेजर सर्जरी का सामना करना पड़ा।सर्जरी के बाद उनको डेढ़ महीने तक भारी थकान रही- ऊर्जावान होने में उन्हें डेढ़ महीने लगे।
उनके बीमारी की डायग्नोसिस और सर्जरी के बीच 20 दिन का अंतर था। डॉक्टर होने के कारण उनको सर्जरी के खतरे पता थे। उन बीस दिनों में उन्होंने इतना केमिकल बहाया कि ऊर्जा निर्मित करने वाले केमिकल का डिपो ही एग्जॉस्ट हो गया। उन्होंने बताया कि जिस डॉक्टर ने उनकी सर्जरी किया, उसने बताया कि उसके मैक्सिमम मरीजो की यह समस्या है। लेकिन कारण क्या है आज तक नही पता चल पाया।
यह थ्योरी मैंने काफी सोच विचार और अध्ययन करने के उपरांत लिखा है। मेडिकल साइंस अभी भी एड्रेनल fatigue को वैज्ञानिक नही मानता। उसके मात्र दो कारण है।

इमोशनल टॉक्सिन्स - 6

#इमोशनल_टॉक्सिन्स_सीरीज -6

#यथा_पिंडे_तथा_ब्रम्हांडे:

सनातन के ऋषियों का कहना है कि मनुष्य शरीर ब्रम्हांड का एक सैंपल है। जो ब्रम्हांड में है वह सब इस पिंड में हैं। परमात्मा से लेकर माटी तक। जितना जल संसार मे है उतना ही प्रतिशत जल इस शरीर मे हैं। समस्त ब्रम्हांड पांच तत्वो से बना है और यह शरीर भी - आकाश वायु अग्नि जल और मिट्टी।
इसी शरीर मे ही काम निर्मित होता है और क्रोध भी।
इसी शरीर मे लोभ भी निर्मित होता है और मोह भी।
इसी शरीर मे मद और मत्सर भी निर्मित होता है।
इसी शरीर मे खुशी भी निर्मित होती है, आनंद भी और दुख तथा गम भी।
हम सदैव अपने क्रोध के लिए दूसरे को उत्तरदायी मानते हैं।
और खुशी और आनंद के लिए भी हम दूसरों के ऊपर निर्भर करते हैं।
लेकिन सच तो यह है कि यह सब आपके ही शरीर के अंदर हैं।

अब इसको थोड़ा मेडिकल बायोकेमिस्ट्री के दृष्टिकोण से बात करते हैं। मेडिकल साइंस के अनुसार हमारे सारे इमोशन्स हमारे अंदर निर्मित होने वाले केमिकल्स से पैदा होते हैं।
मेरे अनुसार हमारे सारे इमोशन्स हमारे सिस्टम में केमिकल्स निकालते हैं। हमारे सिस्टम में ही विषाक्त केमिकल निकलते हैं, और आनंद के केमिकल भी जिसको आज मेडिकल साइंस #आनंद_एमाइड कहते हैं।

सारी समस्या यह है कि हम अपने इमोशन्स को मैनेज करना नही जानते हैं। यदि यह समझ मे आ जाय तो हमको यह भी समझ मे आ जायेगा कि हम अपने अंदर विषाक्त केमिकल के स्थान पर आनंद मयी केमिकल कैसे निकालें।

लेकिन इसमें मेडिकल साइंस आपकी मदद नहीं कर सकता।
योगिक साइंस ही आपको बता सकता है कि यह कैसे संभव है।

ॐ

इमोशनल टॉक्सिन्स 5

#इमोशनल_टॉक्सिन्स_सीरीज - 5

जो लोग मेरी वाल पर तथ्य के स्थान पर अपने दुराग्रह के कारण व्यर्थ का संघर्ष करते हैं, उनको बता दूं कि जिन मनोवैज्ञानिक पोस्टों को मैं लिखता हूँ, उनको अपने अनुभव में उतारने का प्रयत्न भी करता हूँ।
इंद्रियः इंद्रियर्थेषु राग द्वेष व्यवस्थितौ।
तयो न वशं आगच्छेत तौ ही अस्य परिपन्थनौ।। - भगवत गीता
हमारे मन मे सदैव दूसरों के प्रति राग या द्वेष रहता है।
उसके चंगुल में न फंसना क्योंकि यह जीवन के लय को भंग करती हैं।
किसी भी व्यक्ति वस्तु विचार या भाव के हम सदैव पक्षधर रहते हैं। पक्ष में या विपक्ष में। दोनों ही स्थितियां एक सिक्के के दो पहलू हैं। यह सिक्का अपने पर्स में मत रखना।
नही तो संघर्ष निर्मित करोगे।
अहंकार के कारण।
संघर्ष निर्मित करने से आपके सिस्टम में केमिकल टोक्सिन निर्मित होता है जिसको #इमोशनल_टोक्सिन कहते हैं। इन टॉक्सिन्स का एक प्रभाव तुरंत होता है- शरीर मे गर्मी पैदा होती है और मांसपेशियों और मनस में तनाव पैदा होता है। दूसरा प्रभाव दूरगामी होता है जिसको आज लाइफ स्टाइल डिजीज कहते हैं।
मजे की बात है कि इस साइंटिफिक ज्ञान से भारत बहुत पहले से परिचित है। यदि आपको याद हो तो याद कीजिये कि आदि शंकराचार्य और मंडन मिश्रा के बीच में होने वाले शास्त्रार्थ में मंडन मिश्र की पत्नी भारती ने विजेता घोसित करने के लिए किस तकनीक का प्रयोग किया था?
भारती ने दोनों को पुष्प हार पहनाए और अपने काम मे लग गयी। लौटी तो उन्होंने दोनों के पुष्पहारों का निरीक्षण किया। जिसके हार के पुष्प अपनी स्वाभाविक ताजगी खो चुके थे उनको उन्होंने पराजित घोसित किया। अपने पति को उन्होंने पराजित घोसित किया। क्योंकि जब आप पक्षकार होते हैं तो आप सहज मानसिक संघर्ष मोल ले लेते हैं। और फिर वही होता है:
ध्यायते विषयां पुंषः संगतेषु उपजायते।
संगात संजायते कामः कामात् क्रोधः अभिजायते।
क्रोधात् भवति सममूढ: सम मूढा: स्मृति विभ्रमः। - भगवतगीता
आसक्ति के कारण चाहत, चाहत के कारण क्रोध, क्रोध के कारण मूढ़ता, और मूढ़ता के कारण स्मृति नाश होती जाती है। संघर्ष बढ़ता जाता है - टोक्सिन ( विष) निर्माण बढ़ता जाता है। एक दुष्चक्र बनता जाता है और आप उसी में फंसते चले जाते हैं।इस चक्र में घुसते तो आप अपनी इच्छा से हैं लेकिन अपनी इच्छा से निकल नही सकते क्योंकि आप सम्मोहित हैं। किससे ? प्रकृति से , माया से।

इमोशनल टॉक्सिन्स - 5

#इमोशनल_टॉक्सिन्स_सीरीज- 4

#आपकी_बेचैनी_आपके_कारण_है।

देख रहा हूँ कि कुछ लोग अभी भी चुनाव मोड में हैं।
और कुछ लोग बोरियत डिप्रेशन आदि की शिकायत कर रहे हैं।
रिजल्ट आये अभी चार दिन भी नही बीते हैं कि लोग ऊबाहट से गुजरने को बाध्य हो गए हैं। ह्यूमन सॉफ्टवेयर का यह नेचर है, स्वभाव है।
अभी तक आपके पास राग और द्वेष के लिए अनेक विषय बिंदु थे, जिनसे आप लिप्पाय मान थे।
हमारे मन को शास्त्रों में शूक्ष्म शरीर कहा गया है और शरीर को स्थूल शरीर। शरीर मन की इच्छाओं और अपेक्षाओं के पालन हेतु निर्मित हुवा है। यह सामान्य मानव की बात हो रही है। योगी की बात इससे उलट होती है।
तो मन तो है बन्दर। भगवान राम ने अपने गुरु वशिष्ठ से पूंछा कि भगवान मन क्या है और इसका धर्म क्या होता है?
वशिष्ठ गुरु ने बताया -
हे राम मनः संसार वन मरकट:।
चंचलं ही मनो धर्म: यथा वहिन: उष्णता।
हे राम मन इस संसार नामक वन में बन्दर के समान होता है - चंचल अस्थिर। कोई डाल चाहिए इसको लटकने के लिए। कोई वृक्ष चाहिए इसे कूदने फांदने के लिए। और जिस तरह से अग्नि का धर्म उष्णता ( गर्म होना) है वैसे ही मन का धर्म चंचलता है।
भगवत गीता में कृष्ण जी ने कहा कि " इंद्रियः इंद्रियार्थेषु राग द्वेष व्यवस्थितौ। मन मे संसार के प्रति या तो राग ( लाइक) है या फिर द्वेष ( डिसलाइक)। इसी राग द्वेष में लोग पिछले कई महीने से घूम रहे थे ( अपनी रुचि अनुसार)।
अब विषय ही नही बचा। किससे राग और द्वेष पालें।
मंजिल मिल गयी।
मोदी जीत गया।
दोनो पक्षों के पास काम कोई बचा नही - अण्ड भक्तो और अण्ड विरोधियों दोनो।
लेकिन इस यात्रा में आपने जो बेचैनी ( dis ease) निर्मित किया अपने मन मे, वह अब आपकी वृत्ति बन गयी है।
आदत बन गयी है।
इसलिए मन को अब एक नया पेड़ चाहिए जिसकी डाल पर वह कूद फांद सके।
खोजिये अपनी रुचि के अनुसार नया पेड़।
वरना बेचैन बन्दर आपको जीने नही देगा।
आपके अंदर भरेगा - अवसाद बेचैनी डिप्रेशन आदि।

ॐ

इमोशनल टोक्सिन - 3

#इमोशनल_टॉक्सिन्स_सीरीज -3

#भगवतगीता_से_आदत :
ईश्वर सर्वभूतानाम् हृत् देशे अर्जुन तिष्ठति।
भ्रामयन सर्वभूतानि यंत्र आरुढानि मायया।।
।।18.61।।

माया अर्थात सम्मोहन अर्थात हमारी वे आदतें जो हमको विवश कर देती हैं कुछ करने को, किसी के पीछे भागते रहने को। जीवन भर। वह चीज कोई व्यक्ति हो सकता है,  कोई वस्तु हो सकती है, या  कोई भाव व विचार हो सकता है। सबका प्रभाव अंत मे आकर हमारे भाव ( इमोशन्स) पंर ही आकर खत्म होता है। भाव हमारे हैं, ऐसा हमें भासता है। जबकि भाव भी बाहर की उत्प्रेरणा से निर्मित होता है।
कोई हमें गाली दे दे, देखिये किस तरह रौद्र रूप धारण करते हैं हम, यदि सामने वाला कमजोर हो तो।
कोई हमारी प्रशंसा कर दे, झुककर नमस्कार कर ले, हम दिन भर इतराते हुए घूमते हैं।
अर्थात हम स्वयं से नियंत्रित नहीं हैं। हमारे शरीर मे ऐसी कोई गुप्त बटन है जिसको दूसरा कोई दबावे तो हम स्वचालित यंत्र की भांति व्यवहार करने लगते हैं। श्रीलाल शुक्ल ने अपने उपन्यास राग दरबारी ने लिखा है कि-" हमारी बांछें खिल जाती हैं, वे जहां कोई भी हमारे शरीर मे होती होंगी"।

यानी हम यंत्रवत जीते हैं, हमारे ऊपर हमारा नियंत्रण नहीं है। हम एक जीवित रोबोट हैं।  इसी को कृष्ण कह रहे हैं - यंत्र आरुढानि भ्रामयन। यंत्र पर आरूढ़ होकर भटकता रहता है मनुष्य। किसके बस में होकर ?

माया के बस में। माया अर्थात प्रकृति। सत रज तम। ज्ञान प्रकाश,सुख, कर्म लोभ तृष्णा, और अंधकार आलस्य या प्रमाद के बस में होकर। यही तीन गुण हैं जिनसे हम और पूरा ब्रम्हांड निर्मित है। यही प्रकृति की शक्तियां यंत्रवत हमे घुमाती रहती हैं। हम जो आदत जाने या जाने में पकड़ लेते हैं, उन्हें छोड़ नही सकते। या यह कहिए कि वे हमें नहीं छोड़ती।
कारण। कारण कुछ खास नहीं है। कारण सिर्फ इतना है कि हमने कभी जानने का प्रयत्न नहीं किया कि अस्तित्व है क्या? हम कौन हैं? यह प्रश्न आज तक हमारे सामने खड़ा ही नहीं हुआ।

भगवतगीता आदि ह्यूमन सॉफ्टवेयर के मैन्युअल हैं। कोडेड लैंग्वेज में लिखे हुए। जीवन के रहस्यों को खोलने वाली। जो इन रहस्यों को जानता है उसको वे कहते हैं मिस्टिक, और आप कहते हैं योगी।
आप सौभाग्यशाली हैं कि यह मैन्युअल आपको उपलब्ध है। विश्व की 80℅ आबादी के पास है मात्र एक पोलिटिकल मैनिफेस्टो, जिसमे सुधार नही किया जा सकता।

इमोशनल टोक्सिन - 2

#इमोशनल_टोक्सिन_सीरीज -2

अपने अंदर विष निर्मित कर रहे हो क्या? #इमोशनल_इंडोटोक्सिन
वैदिक साइंस कहता है कि आदर्श स्थिति तो वह है कि तुम्हारे अंदर कोई भाव या विचार ही निर्मित न हो। अर्थात मेरी इच्छा के प्रतिकूल, मेरी आज्ञा के बिना मेरे मन मे कोई भाव आये ही न। इसी को निर्विचार समाधि की स्थिति कहते हैं। योग का परम लक्ष्य। परम आनंद की अवस्था।
लेकिन योगी कहाँ बन सकते हैं हम भोगी लोग।
किसी भी यंत्र या टूल को हम अपने लाभ के लिए उपयोग कर सकते हैं या हानि के लिए यह हमारे ऊपर है। याद है न मूल श्लोक-
विद्या विवादाय धनं मदाय शक्ति परेशां पर पीड़नाय।
खलुश्च सधोरविपरीतं एतद ज्ञानाय दानाय च रक्षणाय।
सोसल मीडिया फेसबुक ट्वीटर एक अच्छा माध्यम है सूचनाओं या ज्ञान के प्रसारण का। लेकिन तभी तक जब इसको आप टूल की तरह प्रयोग करते हैं तब।
लेकिन जब आप इसके बस में हो जाते हैं तो यह घातक हो जाता है। हमने एक पोस्ट लिखी अब हम अपने नियंत्रण में नही हैं। फेसबुक हमें नियंत्रित करने लगा। न जाने कितने जाने अनजाने ऊद विलाव आ जाएंगे आपकी वाल पर। अब आप उनसे जूझ रहे हैं। वही क्रम शुरू हो गया - घनचक्कर वाला।

हमारे अंदर  जब भी कोई कामना उतपन्न होती है और वह पूर्ण नही होती है तो क्रोध उत्पन्न होता है -
ध्यायते विषयां पुंषः संगतेषु उपजायते।
संगात संजायते कामः कामात क्रोधः अभिजायते। - भगवतगीता
क्रोध वाले भावनाओं के कारण हमारे सिस्टम में केमिकल निकलतें है। जिनको इमोशनल इंडोटोक्सिन कहते हैं। यदि क्रोध आये तो उसका निकल जाना ही अच्छा होता है। लेकिन हमको क्रोध न प्रदर्शित करने की ट्रेनिंग दी जाती है। जिसके कारण क्रोध को रोकना पड़ता है। उंसके परिणामस्वरूप पुनः केमिकल का स्राव हमारे अंदर होता है।
पहले लगता था कि सोशल मीडिया क्रोध को निकालने का एक अच्छा साधन है।
लेकिन अब लगता है कि सोशल मीडिया आपके अंदर निरन्तर क्रोध निर्मित करता रहता है।
एक बार फेसबुक और ट्वीटर पर घूमकर देखिये। फिर अपने अंदर झांकिए। फिर इस पोस्ट को पुनः पढिये। फिर कमेंट कीजिये।

ॐ

इमोशनल टोक्सिन - 1

#टेंशन : #इमोशनल_टोक्सिन_सीरीज - 1

पहले मेरा फंडॉ था- टेंशन देने का, लेने का नहीं।
लेकिन नया फंडा है -"न टेंशन लेने का न टेंशन देने का"।
कारण क्या है?
टेंशन चाहे लो चाहे दो, टेंशन आपके व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाता है।
टेंशन आपके सिस्टम में केमिकल टॉक्सिन्स निकालता है जिसका प्रभाव आपके समस्त अंगों और मन पर पड़ता है। इन टॉक्सिन्स को मैं #इमोशनल_टोक्सिन कहता हूँ।
अभी हाल में ऐसे कई लोगों को दिल का दौरा पड़ा है जो उन आदतों के शिकार नहीं थे, जिनको इस बीमारी के लिये दोषी ठहराया जाता रहा है यथा - सिगरेट शराब आदि आदि।
बहुत से लोग जो टेंशन लेने और देने दोनों में यकीन करते हैं उनके साथ एक और समस्या रहती है। टेंशन देने के पूर्व टेंशन लेना ही पड़ता है। कई बार स्थिति ऐसी होती है कि टेंशन पूरी तरह रिलीज नही हो पाता क्योंकि परिस्थियां ऐसी हैं या सामने वाला व्यक्ति ऐसा है कि यदि टेंशन रिलीज किया तो स्थिति बिगड़ सकती है और डबल टेंशन लेना पड सकता है।
ऐसे में उनके अंदर दो भावनात्मक स्थितियां पैदा होती हैं। प्रथम तो टेंशन लिया उसके कारण इमोशनल टोक्सिन निकले। फिर टेंशन रिलीज न हो जाय, इसलिए टेंशन की अभिव्यक्ति को रोकने की टेंशन लेना पड़ता है। उसमे फिर से इमोशनल टोक्सिन रिलीज होते हैं।
हो सकता है कि आप घर जाकर पत्नी और बच्चों पर टेंशन रिलीज कर लेवें। लेकिन आज के आधुनिक युग मे यह भी संभव नहीं है। फिर आप जब तक वह टेंशन लेकर घूमते रहते हैं, तब तक उनके रक्त में विषाक्त केमिकल निकलता रहता है।
कुछ लोग परमानेंट टेंशन में रहते हैं, उनके अंदर सदैव विष टपकता रहता है।
ऐसा हुआ कि आज मॉर्निंग वॉक पर एक मित्र मिले जिन्होंने 60 घण्टे का टेंशन राजनेता पब्लिक अपराधियों को गरियाते हुए निकाला। वे किसी राजनैतिक कारणों से सरकारी कर्तव्य निबाहते हुये 60 घण्टे निरन्तर टेंशन में थे। उसी से इस पोस्ट का जन्म हुआ है।
तो प्रश्न उठता है कि इसका इलाज क्या है?
भगवतगीता में इसका इलाज लिखा हुआ है।
इन्द्रियः इन्द्रियार्थेषु राग द्वेष व्यवस्थितौ।
तयो न वशं आगच्छेत तौ हि अस्य परिपंथनौ।।

भगवान कृष्ण अर्जुन को बताते हैं कि तेरे मन का स्वरूप ऐसा है कि यह सदैव किसी व्यक्ति वस्तु भाव या विचार का साक्षात्कार करते ही उसके पक्ष या विरोध में खड़ा होआ जाता है। तेरा मन निर्णय कर लेता है कि यह या तो गलत है या सही है। और यही इस टेंशन का कारण है।
तुमको निर्णय नही लेना है। देख लो। बस उनके न पक्ष में खड़े हो न विपक्ष में। न उसे लाइक कर न डिस्लाइक। पार्टी मत बन।

तो भैया टेंशन न लेने का न देने का।
मगन रहने का।
© त्रिभुवन सिंह